पांच साल पहले 2008 में घटित थप्पड़ प्रकरण को लेकर ट्विटर पर टिप्पणी करने वाले एस श्रीसंत को बीसीसीआई ने चेतावनी दी है।
बीसीसीआई ने राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज श्रीसंत को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने दोबारा इस प्रकरण को उछाला तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है।
श्रीसंत ने मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच 2008 में खेले गए उस मैच में हुए थप्पड़ प्रकरण के बारे में शुक्रवार को ट्विटर पर हरभजन सिंह को पीठ पीछे छुरा भोंकने वाला कहा था।
साथ ही उन्होंने कहा था कि हरभजन ने उन्हें थप्पड़ नहीं बल्कि कोहनी मारा था और यह सारा कुछ पूर्व नियोजित था।
बीसीसीआई ने साथ ही विराट कोहली और गौतम गंभीर को भी कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के बीच खेले गए मैच के दौरान उलझने के लिए चेतावनी दी है।