यूएई में आईपीएल के 13वें संस्करण के आयोजन के लिए बीसीसीआई को भारत सरकार की तरफ से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद अब अगले महीने से शुरू होने वाली इस टी-20 लीग के लिए बीसीसीआई ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बीसीसीआई का शीर्ष प्रतिनिधिमंडल अगस्त के तीसरे सप्ताह में दुबई पहुंचकर यूएई में लीग से जुड़ी जगहों का मुआयना कर सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल, बीसीसीआई के अंतरिम सीईओ हेमंग अमीन और आईपीएल के सीओओ को यूएई पहुंचने के बाद दिशानिर्देशों का पालन करना होगा और अपने-अपने होटलों के कमरों में छह दिन तक क्वारंटीन रहना होगा।
कोरोना के खतरे को देखते हुए और टी-20 वर्ल्ड कप के टलने के बाद बीसीसीआई ने इस बार के आईपीएल का आयोजन यूएई में कराने के फैसला किया। हालांकि 19 सितंबर से शुरू होने वाली इस लीग के नियमों में कई तरह के बदलाव किए जाएंगे। शुरुआती मैच भी खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस बार के सभी मैच दुबई के तीन शहर-अबु धाबी, दुबई और शरजाह में खेले जाएंगे। इसके अलावा आईपीएल का इस बार का आयोजन वीवो के बैनर तले नहीं खेला जाएगा और किसी नए स्पांसर की स्पॉन्सरशिप दी जाएगी।