कड़वे संबंधों के बावजूद बीसीसीआई पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को भारत में खिलाना चाहता है। बोर्ड ने पाक टीम को भारत आमंत्रित करने के लिए सरकार से एक बार फिर मंजूरी मांगी है। यह मंजूरी आईसीसी की महिला क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए मांगी गई है। आईसीसी का टूर्नामेंट होने के चलते पाकिस्तान का यह दौरा बीसीसीआई के गले की फांस बन गया है।
बोर्ड सूत्रों के मुताबिक भारत में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम से नवंबर माह में तीन वन डे मैचों की श्रृंखला के लिए कुछ दिन पूर्व खेल मंत्रालय से एक बार फिर मंजूरी देने की गुहार लगाई गई है। इससे पहले 29 मई को बोर्ड ने मंत्रालय को पत्र लिखकर इस दौरे की मंजूरी देने को कहा था, लेकिन पाकिस्तान का मामला होने केचलते मंत्रालय ने इस पर चुप्पी साध रखी है।
सूत्र बताते हैं कि अब इस दौरे के लिए बोर्ड पर आईसीसी से भी दबाव बन रहा है। वूमेन क्रिकेट चैंपियनशिप में दिखाए गए प्रदर्शन के आधार पर टीमों की रैंकिंग बनेगी। इस रैंकिंग के आधार पर 2021 महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए टीमें क्वालिफाई करेंगी। इस लिहाज से यह श्रृंखला भारत के लिए महत्वपूर्ण है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर की ओर से गुरुवार को दिए गए बयान, रात में गोली और दिन में क्रिकेट एक साथ नहीं चल सकते हैं, के बाद यह लगभग तय है कि सरकार पाक टीम के इस दौरे को मंजूरी प्रदान नहीं करेगी। ऐसे में यह श्रृंखला रद्द होगी और भारतीय टीम के अंक काटे जाएंगे, जिसका खामियाजा उसे विश्व कप की रैंकिंग में भुगतना पड़ेगा। बोर्ड आईसीसी के समक्ष श्रृंखला किसी तटस्ठ स्थान पर कराए जाने का प्रस्ताव भी रख सकता है।