भारतीय टीम अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलती नजर आएगी। इसके लिए जल्द ही भारतीय टीम का एलान होगा। इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव देवजीत सैकिया ने दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टेस्ट टीम का चुनाव 23 या 24 को होगा। बता दें कि, भारतीय टेस्ट टीम ने शुभमन गिल के नेतृत्व में हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी। यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई थी।
कब होगा टीम का चुनाव?
मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र 2025-27 में भारत की यह पहली घरेलू सीरीज होगी। सीरीज से पहले देवजीत सैकिया ने खुलासा किया कि चयन बैठक ऑनलाइन होगी। टाइम्स ऑफ इंडिया ने सैकिया के हवाले से कहा, 'वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम का चयन 23 या 24 सितंबर को किया जाएगा। चयन बैठक ऑनलाइन होगी।'
सिराज की होगी वापसी
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मुकाबला दो अक्तूबर से अहमदाबाद में खेला जाएगा जबकि 10 अक्तूबर से खेले जाने वाले दूसरे मैच में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इस सीरीज में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी वापसी होगी, जिन्होंने ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (9/190) के साथ भारत को जीत दिलाने में मदद की थी। सिराज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ भी चुना गया था।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम: रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उप-कप्तान), केवलन एंडरसन, एलिक अथानाजे, जॉन कैंपबेल, टैगनारायण चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खैरी पियरे, जेडन सील्स।