भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने शुक्रवार को सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश का दौरा किया। बीसीसीआई सचिव ने पूर्वोत्तर राज्यों में क्रिकेट को बढ़ावा देने और विकसित करने के लिए शीर्ष निकाय द्वारा आवश्यक सभी सहायता का आश्वासन दिया।
शाह ने ट्वीट कर कहा, 'सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश का दौरा कर काफी अच्छा लगा। हमने पूर्वोत्तर की राज्यों को बीसीसीआई की तरफ से बुनियादी ढांचे के विकास, एनसीए कोचों और तकनीकी कर्मचारियों, प्रशिक्षण विधियों, और चिकित्सा सुविधाओं में मदद का आश्वासन दिया।'
शाह ने अरुणाचल प्रदेश में राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और खेल मंत्री किरेन रिजिजू के साथ मुलाकात की और राज्य में खेलों के विकास पर सार्थक चर्चा की। वहीं, सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस गोलय ने कहा कि शाह ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बीसीसीआई राज्य में एक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी स्थापित करेगा।