भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने छह पूर्वोत्तर राज्यों को बड़ी सौगात देते हुए सोमवार को इन राज्यों में इनडोर क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी की आधारशिला रखी। इससे इन राज्यों के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इनडोर क्रिकेट अकादमी अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम के खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करेंगी। यह अकादमी शिलांग, ईटानगर, कोहिमा, आइजोल, इंफाल और गंगटोक में स्थित होंगी।
पहले बड़े राज्यों की करनी पड़ती थी यात्रा
इससे पहले इन राज्यों के क्रिकेटरों को मानसून के मौसम के दौरान प्रशिक्षण के लिए कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई या अहमदाबाद के केंद्रों की यात्रा करनी पड़ती थी। बीसीसीआई ने पूर्वोत्तर क्रिकेट विकास समिति का भी गठन किया है। इसकी अध्यक्षता बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया कर रहे हैं। इस बीच बीसीसीआई पहले से ही विस्तृत क्षेत्र और सुविधाओं के साथ बेंगलुरु में एक नई राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी विकसित करने की प्रक्रिया में है।
क्रिकेटरों को मिलेगा लाभ
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, पूर्वोत्तर में बीसीसीआई की आगामी अत्याधुनिक इनडोर प्रशिक्षण सुविधाओं की आधारशिला रखकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। छह राज्यों (अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम) के हमारे क्रिकेटरों को जल्द ही पूरे साल प्रशिक्षण सुविधा के लिए विश्व स्तरीय इनडोर नेट, इनडोर स्विमिंग पूल और फिटनेस सेंटर से लाभ मिलेगा। इसके साथ ही मिजोरम में नए पवेलियन का निर्माण आने वाले समय में इस क्षेत्र के लिए रोमांचक होगा। यह इस क्षेत्र में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के हमारे दृष्टिकोण की दिशा में बड़ा कदम है।