पाकिस्तान के साथ द्वीपक्षीय श्रृंखलाओं का कार्यक्रम तय कर मुसीबतों में घिरी बीसीसीआई ने अगले चार सालों के अपने टूर प्रोग्राम से विवादित पड़ोसी देश को पूरी तरह बाहर कर दिया है। बोर्ड ने अपने टूर एंड फिक्सचर कमेटी के अलावा आईसीसी को भी यह साफ कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ आने वाले वर्षों में खेलने का कोई कार्यक्रम नहीं रखा जाएगा। मंगलवार को कोलकाता में पाकिस्तान के साथ पहले से तय श्रृंखला के स्थान पर टूर एंड फिक्सचर कमेटी ने न्यूजीलैंड को जगह दे दी है। पाकिस्तान को कार्यक्रम से बाहर करने पर अब बोर्ड आगे से ऐसे किसी झमेले में नहीं फंसेगा जहां उसे किसी अन्य देश के साथ खेलने का इंतजाम करना पड़े।
बोर्ड सूत्रों का कहना है कि आईसीसी को लंदन में चैंपियंस ट्राफी के दौरान भी यह बताया जा चुका है कि पाकिस्तान के साथ उनका अगले चार सालोंके लिए कोई कार्यक्रम नहीं बनाया जाएगा। इस साल अक्तूबर में आईसीसी के साथ होने वाली टूर प्रोग्राम की बैठक में बोर्ड एक बार फिर इसी बात को दोहराने जा रहा है। बोर्ड आईसीसी को साफ करेगा कि वह अपने अक्तूबर से मार्च तक के घरेलू सीजन में छह टीमों आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के साथ खेलेगा।