बीसीसीआई वर्किंग कमेटी की शुक्रवार को होने वाली अहम बैठक अचानक रद्द कर दी गई। बैठक रद्द किए जाने से एन श्रीनिवासन की बोर्ड अध्यक्ष पद पर वापसी की कोशिश भी असफल हो गई।
आईपीएल 6 में स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण की जांच के लिए बीसीसीआई द्वारा गठित दो सदस्यीय कमेटी को बांबे हाई कोर्ट द्वारा गैर कानूनी बताने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड की आज पहली बैठक होने वाली थी लेकिन उसे रद्द कर दिया गया।
बैठक रद्द होने से श्रीनिवासन की बोर्ड अध्यक्ष पद पर वापसी की कोशिश नाकाम हो गई। बीसीसीआई ने हाई कोर्ट के फैसले के बाद कानूनी पचड़े से बचने के लिए वर्किंग कमेटी की बैठक रद्द कर दी। जगमोहन डालमिया बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष बने रहेंगे।
इस बैठक से पहले लोगों की दिलचस्पी इस बात में थी कि वर्किंग कमेटी की बैठक की अगुवाई कौन करेगा, श्रीनिवासन या जगमोहन डालमिया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों के बीच हुई लगातार बातचीत के बाद कमेटी की बैठक रद्द करने का फैसला लिया गया। बैठक रद्द करने के पीछे यह भी डर था कि यदि श्रीनिवासन इन हालात में पद पर लौटने की कोशिश करते हैं तो उनके खिलाफ बगावत हो सकती है।
हालांकि बीसीसीआई ने बंबई हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ देश की शीर्ष अदालत में अपील करने का फैसला लिया है। सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटीशन (एसएलपी) दाखिल की जाएगी।
'दबंगई' पर उतरा बोर्ड, केस वापस लेने को दी थी धमकी!
इससे पहले श्रीनिवासन दिल्ली पहुंच गए थे। लेकिन वह बैठक में शामिल होंगे या नहीं या फिर इसकी अगुवाई करेंगे या बतौर तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (टीएनसीए) के अध्यक्ष तौर पर बोर्ड सदस्य की हैसियत से बैठक में उतरेंगे? इन सारे सवालों के जवाब आज मिलने थे लेकिन अब इसका इंतजार करना होगा।
बैठक में हाई कोर्ट के फैसले पर सभी कानूनी विकल्पों पर विचार के साथ-साथ भविष्य में क्या कार्रवाई की जाएगी इस बारे में भी विचार होना था।
श्रीनिवासन के खिलाफ बढ़ रहे विरोध के सुर
सूत्र बताते हैं कि अंदर ही अंदर श्रीनिवासन के खिलाफ विरोध के सुर तो उठ रहे हैं लेकिन कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। हालात यह है कि कुछ सदस्य बैठक के दौरान बनने वाले माहौल को देखने का इंतजार कर रहे हैं।
अगर बैठक में विरोध के सुर उठते हैं तो बहती गंगा में दूसरे भी हाथ धो लेंगे। वरना आगे आने वाले चुनाव को देखते हुए चुप बैठने में भलाई समझेंगे।
नए सिरे से हो स्पॉट फिक्सिंग में जांच
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष निरंजन शाह बोर्ड के ऐसे पहले सीनियर अधिकारी बने जिन्होंने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में नए सिरे से जांच की मांग की। शाह ने कहा कि इससे बोर्ड के गिर रहे शाख को फिर से बचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, ‘हालिया समय में बोर्ड की छवि निश्चित रूप से बहुत गिरी है। हमें जरूर ऐसा कुछ करना होगा जिससे बोर्ड की छवि को फिर से ठीक किया जाए क्योंकि क्रिकेट हमारे लिए काफी महत्व रखता है। हालांकि बोर्ड की कानूनी टीम इसका ख्याल रख रही है।