भारतीय क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति को लेकर बीसीसीआई की बहुप्रतीक्षित समीक्षा बैठक आखिरकार गुरुवार को मुंबई में होगी। बोर्ड मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में बीसीसीआई के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ मुख्य कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होंगे।
विश्व कप की रणनीति पर होगी चर्चा
बीसीसीआई की इस बैठक में न्यूजीलैंड के सभी प्रारूपों वाले महत्वपूर्ण दौरे से पहले प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों के प्रबंधन और अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की व्यापक रणनीति पर मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, श्रीलंका टेस्ट से पहले चयन समिति के प्रमुख को अनौपचारिक रूप से बताया गया था कि जसप्रीत बुमराह अगर दो नहीं तो कम से कम एक टेस्ट खेलने के लिए फिट होंगे। बल्कि उन्होंने बुमराह की अनुपस्थिति को लेकर सीओई को अधिक स्पष्टता मांगते हुए ईमेल भी लिखा था। दूसरे टेस्ट में बुमराह की अनुपस्थिति महसूस हुई, जहां सपाट पिच पर मोहम्मद सिराज काफी खराब लय में नजर आए। यही स्थिति हार्दिक पांड्या की भी है जिन्होंने आईपीएल के बाद से कोई मैच नहीं खेला है और अगले वनडे विश्व कप के लिहाज से उनका महत्वपूर्ण होना तय है।
बीसीसीआई मीटिंग
- फोटो : ANI
रोहित चर्चा के केंद्र में
अगरकर और गंभीर के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि कुछ महत्वपूर्ण खिलाड़ी कब तक उपलब्ध हो सकते हैं क्योंकि बड़े दौरों और आईसीसी के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए रणनीतिक योजना इसी पर निर्भर करती है। वहीं, बैठक में अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए तीन दिग्गज खिलाड़ियों रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के भविष्य पर भी चर्चा होगी। फिलहाल कोहली और जडेजा पर ज्यादा दबाव नहीं है, लेकिन रोहित को लेकर स्थिति अलग है और वह लगातार चर्चा के केंद्र में हैं।
ऐसी अटकलें लगाई जाती रही हैं कि चयन समिति के एक सदस्य ने रोहित को बताया था कि पैनल अब उनसे आगे बढ़ने का फैसला कर चुका है। हाल के इंग्लैंड दौरे में लॉर्ड्स वनडे के बाद रोहित से पूछा गया था कि क्या वह अपने करियर को विराम देने वाले हैं। पूर्व कप्तान और उनके करीबी लोगों ने इस मामले पर चुप्पी साधे रखी। हालांकि ऐसी चर्चा थी कि रोहित नाराज होने के बावजूद इसके लिए तैयार हो गए थे। लेकिन लॉर्ड्स में हार के बावजूद उनके शानदार शतक की वजह से कम से कम फिलहाल उनके संन्यास लेने की संभावना को खारिज कर दिया गया है। इसके बावजूद यह निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि रोहित अगले साल दक्षिण अफ्रीका जाने वाली उड़ान में सवार होंगे।
निरंतरता बनाए रखना चाहता है बीसीसीआई
वहीं, मुख्य चयनकर्ता अगरकर का मौजूदा अनुबंध चार अक्तूबर को समाप्त हो रहा है। लेकिन चूंकि उन्हें समीक्षा बैठक के लिए बुलाया जा रहा है इसलिए ऐसा लगता है कि बीसीसीआई वनडे विश्व कप के अंत तक निरंतरता बनाए रखना चाहता है। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने की कोशिश के साथ-साथ बीसीसीआई यह भी चाहेगा कि गंभीर-अगरकर-लक्ष्मण की टीम एक ही रणनीति और सोच पर बनी रहे।