भारत मां के वीर सपूत विंग कमांडर अभिनंदन को भारतीय क्रिकेट टीम ने सलाम किया है। विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान शुक्रवार रात पाकिस्तान से सकुशल लौट आए। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया की जर्सी वाली एक तस्वीर जारी की। इस पर विंग कमांडर अभिनंदन और नंबर 1 लिखा है। बीसीसीआई ने ऐसी जर्सी अभिनंदन के सम्मान में जारी की है।
शुक्रवार को ही विश्व कप के मद्देनजर भारतीय क्रिकेट टीम की नई जर्सी लॉन्च हुई है। इसी दौरान भारतीय टीम ने अभिनंदन के नाम की भी जर्सी रीलिज की। अभिनंदन को 1 नंबर की जर्सी दी गई है। यानी उन्हें सभी खिलाड़ियों से ऊपर की प्राथमिकता दी गई है। अब टीम इंडिया में किसी भी खिलाड़ी को नंबर 1 की जर्सी नहीं दी जाएगी, क्योंकि अब वह अभिनंदन के नाम पर है।
दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी अभिनंदन की वतन वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने शुक्रवार रात को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि आप असली हीरो हैं, हम आपको सर झुका कर सलाम करते हैं। जय हिंद।
बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद हुई भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज के दौरान अपनी बांह पर काली पट्टी पहन मैच खेला था और दो मिनट का मौन रखा था।