भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा समेत पूनम यादव को अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश की है। बता दें सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में इस साल अर्जुन अवॉर्ड के नामांकन के लिए खिलाड़ियों के नामों पर चर्चा किया।
महाप्रबंधक (क्रिकेट संचालन) सबा करीम तीन सदस्यीय सीओए-विनोद राय, डायना इडुल्जी और लेफ्टिनेंट जनरल रवि थोड़गे के सामने खिलाड़ियों के नामों का प्रस्ताव रखा। इस बैठक में अर्जुन अवॉर्ड के नामांकन के लिए खिलाड़ियों का चयन करने के अलावा महिला टीम के मुख्य कोच की नियुक्ति और इस मुद्दे को लोकपाल के पास भेजने पर भी चर्चा हुई।
खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए खेल मंत्रालय की तरफ से अर्जुन पुरस्कार दिया जाता है। साल 2018 में पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधना को ये पुरस्कार दिया गया था।
पूनम यादव ने जहां महिला क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया है वहीं पिछले कुछ सालों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बुमराह, शमी और जडेजा को इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह मिली है।
इससे पहले अभी तक कुल 53 खिलाड़ियों को ये सम्मान मिल चुका है।
एआईएफएफ अर्जुन पुरस्कार के लिए गुरप्रीत और जेजे के नाम की सिफारिश करेगा
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने भी शनिवार को कहा कि वे अर्जुन पुरस्कार के लिए स्टार गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू और स्ट्राइकर जेजे लालपेखलुवा के नाम की सिफारिश करेंगे।
यह दूसरी बार है जब महासंघ ने इन दोनों के नाम की सिफारिश की है। 2017 में एआईएफएफ ने गुरप्रीत और जेजे के साथ भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान बेमबेम देवी के नाम भी सिफारिश की थी जिन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया था।