भारत के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा के लिए आईपीएल 2022 किसी भी मामले में अच्छा नहीं रहा। पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन और खुद कप्तान रोहित का व्यक्तिगत फॉर्म निराशाजनक रहा। मुंबई की टीम लीग स्टेज में ही बाहर होने के साथ-साथ अंक तालिका में भी आखिरी स्थान पर रही। जबकि रोहित आईपीएल इतिहास में पहली बार किसी सीजन में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए। उन्होंने 14 पारियों में महज 19.14 की औसत से 268 रन बनाए।
दूसरी तरफ पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली भी अपनी फॉर्म को लेकर संघर्ष करते नजर आए। आईपीएल में सर्वाधिक (6500 से अधिक) रन बनाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने इस सीजन में सिर्फ दो अर्धशतक बनाए जबकि तीन बार गोल्डन डक का शिकार हुए। भारत के दोनों स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली की फॉर्म ने उनके प्रशंसकों को भी काफी निराश किया। हालांकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को अध्यक्ष सौरव गांगुली दोनों खिलाड़ियों की फॉर्म को लेकर अधिक चिंतित नहीं हैं।
आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मैच की पूर्व संध्या पर गांगुली ने दोनों खिलाड़ियों के फॉर्म में वापसी की उम्मीद जताई। उन्होंने मंगलवार को कहा कि आईपीएल में कप्तान रोहित की खराब फॉर्म चिंता की बात नहीं है और वह जल्दी ही रन बनाने लगेंगे।
गांगुली ने कहा, "हर कोई इंसान है। सबसे गलतियां होती है, लेकिन कप्तान के तौर पर रोहित को रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। पांच बार आईपीएल खिताब, एशिया कप विजेता, उसने वह सब कुछ जीता, जिसकी कप्तानी की, इसलिए कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड जबरदस्त रहा है। गलतियां होती हैं क्योंकि वह सभी इंसान हैं।"
बीसीसीआई प्रमुख ने दोनों खिलाड़ियों का सपोर्ट करते हुए कहा, "वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। मुझे उम्मीद है कि वह फॉर्म में लौटेंगे। वे बहुत क्रिकेट खेलते हैं और इस दौरान फॉर्म से बाहर भी हो जाते हैं। कोहली ने पिछले मैच में बहुत अच्छा खेला था, वह भी तब जब आरसीबी को उसकी जरूरत थी।
रोहित की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है जबकि विराट की आरसीबी प्लेऑफ में है और कम से कम एक मैच और खेलेगी। इसके बाद दोनों खिलाड़ी जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे। दोनों सीनियर खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 सीरीज में आराम दिया गया है। रोहित की गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे।