भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने अंडर-19 विजय मर्चेंट ट्रॉफी स्थगित कर दी है। यह टूर्नामेंट नौ जनवरी से शुरू होने वाला था। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने यह फैसला किया है। इससे पहले ही बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट के लिए उम्र से जुड़े नियम में छूट दी थी। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सभी राज्यों के क्रिकेट एसोसिएशन को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि विशेषज्ञों से बात करने के बाद मेडिकल टीम और संचालन टीम के विचारों को ध्यान में रखते हुए इस सीजन के लिए अंडर 16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी को स्थगित कर दिया गया है। स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है।
जय शाह ने इस टूर्नामेंट को स्थगित करने का मुख्य कारण बताते हुए लिखा कि जिन खिलाड़ियों के इसमें भाग लेना है, उन्हें अब तक कोरोना का टीका नहीं लगा है। उन्होंने आगे लिखा "घरेलू सीजन से पहले हमने कहा था कि हम हर उम्र के खिलाड़ियों के लिए पूरा सीजन रखेंगे। हमने शुरुआत भी बहुत बेहतरीन की थी और 748 मैच पूरे कर लिए थे। अब हमारे सामने फिर से गंभीर समस्या है। पूरे देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और कोरोना टीके की दोनों खुराक लेने के बावजूद युवाओं के बीच कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।"
लापरवाही पड़ सकती है भारी
जय शाह ने अपने पत्र में लिखा कि अगर उचित कदम नहीं उठाए गए तो हालात काबू से बाहर जा सकते हैं। उन्होंने लिखा "हम पूरी दुनिया के हालातों पर करीब से नजर बनाए हुए हैं और ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर सही कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में तेजी से मामले बढ़ेंगे। हमें हर हाल में सावधानी बरतनी चाहिए और अपने प्रतिभावान खिलाड़ियों की जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए। उम्मीद करते हैं कि हम कोरोना की तीसरी लहर से बच सकेंगे और जो भी हमारे नियंत्रण में है, वह करने की कोशिश करेंगे।"
60 खिलाड़ी 16 साल से ज्यादा उम्र के
बीसीसीआई ने इससे पहले बताया था कि बोन टेस्ट में 60 खिलाड़ी 16.5 साल से ज्यादा उम्र के पाए गए थे, लेकिन यह टेस्ट देरी से हुआ था। इस वजह से इन सभी खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी जाएगी।