बीसीसीआई ने सहारा परिवार के स्वामित्व वाली पुणे वॉरियर्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चेन्नई में शनिवार को हुई बोर्ड की कार्यकारी समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया।
कोच्चि टीम के बाद पुणे वॉरियर्स के आईपीएल से बाहर होने के बाद अब इस लीग में आठ टीमें रह गई हैं। लीग की शुरुआत में आठ ही टीमें थीं।
अधिकारी के अनुसार, पुणे वॉरियर्स की टीम ने अगले सत्र के लिए इसा साल मार्च तक 170.2 करोड़ रुपए की फ्रेंचाइजी फीस देना था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया था। पुणे टीम को इसके लिए पांच बार रिमाइंडर भी किया गया था।
सहारा ग्रुप ने 2010 में पुणे फ्रेंचाइजी को 1702 करोड़ रुपए में खरीदा था और उसे दस साल के अंतराल में फ्रेंचाइजी फीस का भुगतान करना था। यह आईपीएल की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी टीम थी।
आईपीएल की संचालन परिषद के सभी सदस्यों को इस बैठक में भाग लेने का निमंत्रण दिया गया था।