एशिया कप की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। नौ सितंबर से टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा, जिसमें सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। उनके डिप्टी शुभमन गिल होंगे। माना जा रहा है कि जिस 15 सदस्यीय स्क्वॉड को एशिया कप के लिए चुना गया है, वही टीम अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में भी खेलेगी। इससे पहले खबर आ रही है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय टीम का मेंटर बना सकता है। इस पर अब पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी का बयान आया है।
बीसीसीआई ने धोनी को दिया ऑफर? मनोज तिवारी की प्रतिक्रिया
दरअसल, क्रिकब्लॉगर ने बीसीसीआई के सूत्र के हवाले से दावा किया कि बोर्ड ने महेंद्र सिंह धोनी को मेंटर का रोल ऑफर किया है। रिपोर्ट में बताया गया कि, बीसीसीआई अपनी सभी राष्ट्रीय टीमों- सीनियर, जूनियर और संभवतः महिला टीम में धोनी की भागीदारी चाहता है। हालांकि, अब तक इस पर दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस पूरे मामले पर पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा, 'क्या उन्होंने (धोनी) फोन उठाया? क्योंकि फोन पर उनसे संपर्क करना मुश्किल है... पहली बात तो ये है कि वो इस भूमिका को स्वीकार करेंगे या नहीं... एक कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर उनका अनुभव काफी काम आएगा, क्योंकि आज जो नए खिलाड़ी उभर रहे हैं और भारतीय टीम के स्टार बन रहे हैं, वो उन्हें काफी सम्मान देते हैं। एमएस धोनी और गौतम गंभीर की जोड़ी भी देखने लायक होगी।' बता दें कि, धोनी को टी20 विश्व कप 2021 के लिए भारतीय टीम का मेंटर बनाया गया था।
काम आ सकता है धोनी का अनुभव
इस रिपोर्ट में आगे बताया गया कि बोर्ड का मानना है कि उनका मार्गदर्शन भारतीय क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को आकार देने में अहम भूमिका निभा सकता है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, 'धोनी को फिर से भारतीय क्रिकेट का मेंटर बनने का प्रस्ताव दिया गया है।'
अपनी कप्तानी में दिलाए तीन आईसीसी खिताब
कैप्टन कूल के नाम से प्रसिद्ध रहे धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान में से एक हैं। रांची से आने वाले धोनी ने भारत को अपनी कप्तानी में 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। धोनी भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब भी जीता था। धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए हुए करीब पांच साल हो गए हैं। धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में खेला था। भारत वो मुकाबला हार गया था और टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद धोनी ने भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला और फिर 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।