भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में हाल-फिलहाल में काफी बदलाव हुए हैं। पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली का बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष कार्यकाल समाप्त होने के बाद बोर्ड को रोजर बिन्नी के रूप में नया अध्यक्ष मिला है। वहीं, जय शाह सचिव के पद पर बने हुए हैं। अरुण सिंह धूमल और अभिषेक डालमिया को आईपीएल में प्रतिनिधि के तौर पर चुना गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने अब तक आईपीएल चेयरमैन के नाम की पुष्टि नहीं की है, लेकिन धूमल का चेयरमैन बनना तय माना जा रहा है। वह पहले बीसीसीआई कोषाध्यक्ष के पद पर थे।
महाराष्ट्र के भाजपा नेता आशीष शेलार को बोर्ड का नया कोषाध्यक्ष चुना गया, जबकि देवाजीत सेकिया बीसीसीआई के नए संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। अब आशीष और देवाजीत को नई जिम्मेदारी भी दी गई है। उन्हें अतिरिक्त पदभार दिया गया है। आशीष को जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन और देवाजीत को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का प्रेक्षक बनाया गया है। इन दोनों को अब इन दोनों क्रिकेट एसोसिएशन की देखभाल करनी होगी।
हाल ही में बीसीसीआई के एनुअल जनरल मीटिंग में इसका फैसला हुआ था। रोजर बिन्नी बीसीसीआई के 36वें अध्यक्ष बने हैं। रोजर बिन्नी फिलहाल कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर थे और अब उन्हें इस पद से इस्तीफा देना होगा। वह 1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के अहम सदस्य थे। बिन्नी ने वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट (18) लिए थे। वह भारतीय टीम के चयनकर्ता के पद पर भी रह चुके हैं। संदीप पाटिल के सेलेक्शन कमेटी का चेयरमैन रहते हुए वह उस टीम का हिस्सा थे।