बीसीसीआई ने घरेलू टूर्नामेंटों की पुरस्कार राशि में भारी-भरकम बढ़ोतरी कर दी है। इस सत्र से अब रणजी ट्रॉफी विजेता को दो की बजाय पांच करोड़ रुपये मिलेंगे। सबसे बड़ा फायदा महिला क्रिकेट के टूर्नामेंटों को हुआ है। महिला वनडे ट्रॉफी के विजेता को अब छह की बजाय 50 लाख और टी-20 महिला ट्रॉफी के विजेता को पांच की बजाय 40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
रणजी उपविजेता को मिलेंगे तीन करोड़
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें यह बताकर खुशी हो रही है कि बोर्ड के सभी घरेलू टूर्नामेंटों की पुरस्कार राशि को बढ़ाया जा रहा है। उनकी ओर से घरेलू टूर्नामेंटों को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रखे जाएंगे, जो कि भारतीय क्रिकेट की रीढ़ की हड्डी हैं।
ईरानी कप के विजेता को मिलेंगे 50 लाख रुपये
रणजी ट्रॉफी विजेता को अब तक दो, उपविजेता को एक और सेमीफाइनलिस्ट को 50 लाख रुपये की राशि मिलती थी। अब विजेता को 5, उपविजेता को तीन और सेमीफाइनलिस्ट को एक करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। ईरानी कप के विजेता को 25 के बजाय 50 लाख मिलेंगे, जबकि उपविजेता को भी अब 25 लाख मिलेंगे।
महिला क्रिकेट टूर्नामेंटो को हुआ बड़ा फायदा
दलीप ट्रॉफी विजेता को 40 लाख के स्थान पर एक करोड़, उपविजेता को 20 की बजाय 50 लाख रुपये की राशि मिलेगी। वनडे के लिए खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी विजेता को 30 लाख के स्थान पर एक करोड़, उपविजेता को 15 के स्थान पर 50 लाख मिलेंगे। प्रो. डीबी देवधर ट्रॉफी विजेता को 25 के बजाय 40 लाख और उपविजेता को 15 के स्थान पर 20 लाख मिलेंगे।
सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के विजेता को 25 के बजाय 80 लाख और उपविजेता को 10 के स्थान पर 40 लाख रुपये मिलेंगे। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी के विजेता को छह के बजाय 50 लाख और उपविजेता को तीन के स्थान पर 25 लाख मिलेंगे। सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के विजेता को पांच की बजाय 40 लाख और उपविजेता को 3 के स्थान पर 20 लाख रुपये मिलेंगे।