भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के चुनाव 22 अक्टूबर को ही होंगे। यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) ने शुक्रवार को घोषणा की। सीओए ने सभी राज्य क्रिकेट संघों को अपने चुनाव अब 28 सितंबर तक पूरे कराने का निर्देश दिए हैं। पहले सभी राज्य क्रिकेट संघों के चुनाव की आखिरी तारीख 14 सितंबर थी। चुनावों के लिए राज्य क्रिकेट संघों को बीसीसीआई को अपने नुमाइंदों के नाम 28 सितंबर तक भेजने हैं।
सीओए ने जारी अपनी विज्ञप्ति में कहा, 'बीसीसीआई के चुनाव की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बीसीसीआई के चुनाव पहले से तय 22 अक्टूबर को ही होगे। राज्य क्रिकेट संघों के चुनाव की तारीख जरूर 14 सितंबर से बढ़ाकर 28 सितंबर कर दी गई है।
राज्य क्रिकेट सघों के चुनाव की तारीख अब 28 सितंबर से आगे बढ़ाना मुमकिन नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीसीसीआई के चुनावों के लिए सालाना आम बैठक के लिए नोटिस 22 अक्टूबर से 21 दिन पहले यानी 30 सितंबर तक देना होगा। वे सभी राज्य क्रिकेट संघ ,जिन्होंने अभी तक अपना संशोधित संविधान सीओए को मंजूरी के लिए नहीं भेजा है अथवा चुनाव कराने के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिया या चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, को 12 सितंबर तक का वक्त मिल गया और वे इस तारीख तक संशोधित संविधान भेज सकते हैं।