बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने अदालत के समक्ष गलत बयानी के मामले में सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगने की तैयारी कर ली है। बीसीसीआई की लीगल सेल ने ठाकुर की ओर से माफीनामा तैयार करना शुरू कर दिया है। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक हलफनामे के जरिए यह माफीनामा 23 दिसंबर को या फिर उससे पहले दाखिल किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर ने 15 दिसंबर को सुनवाई में अनुराग ठाकुर के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया था। उन्होंने यहां तक कहा था कि अदालत ने प्रथमदृष्टया पाया है कि अनुराग ठाकुर ने अदालत को गुमराह करने की कोशिश की है। चीफ जस्टिस ने यहां तक कह दिया था कि अगल अदालत के समक्ष गलत बयानी का मामला साबित होता है तो उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। इसके बाद बोर्ड के वकील कपिल सिब्बल ने ठाकुर की ओर से माफी मांगे जाने की बात कही थी।