सौरव गांगुली 23 अक्टूबर 2019 को अध्यक्ष बने थे। उनके बीसीसीआई प्रमुख बनने के ठीक 100 दिन बाद इस कमेटी का गठन हुआ है। पहले 12 जनवरी को खबर आई थी कि कमेटी में मदन लाल और सुलक्षणा नाईक के साथ गौतम गंभीर को शामिल किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
CAC को फिलहाल सीनियर चयनसमिति में कार्यकाल पूरा कर चुके दो सदस्यों की जगह लेने वाले चयनकर्ताओं को चुनना होगा। सीएसी को चयनसमिति के निवर्तमान अध्यक्ष एमएसके प्रसाद (दक्षिण क्षेत्र) और गगन खोड़ा (मध्य क्षेत्र) के विकल्प को तलाशना होगा। वहीं बाकी 3 सदस्यों जतिन परांजपे, सरनदीप सिंह और देवांग गांधी का कार्यकाल में सिर्फ सालभर का वक्त शेष है।
मदन लाल ने भारत के लिए 39 टेस्ट और 67 वन-डे मैच खेले। वह 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम की कोचिंग भी की है। इसके साथ ही चयन समिति के सदस्य भी रहे।
वहीं आरपी सिंह ने 14 टेस्ट और 58 वन-डे और 10 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। वह 2007 में पहला वर्ल्ड टी-20 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। वहीं महिला क्रिकेटर सुलक्षणा नाइक ने अपने 11 साल लंबे इंटरनेशनल करियर में दो टेस्ट, 46 वन-डे और 31 टी-20 में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।