इंग्लैंड ए के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली सभी प्रारूपों की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय महिला ए टीम घोषित कर दी है। सीमित ओवरों की सीरीज के लिए अनुष्का शर्मा को इंडिया ए का कप्तान बनाया गया है, जबकि एकमात्र बहुदिवसीय मुकाबले में मीनू मणि टीम की अगुआई करेंगी। इंडिया ए और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच यह घरेलू सीरीज खेली जाएगी।
सीरीज का कार्यक्रम
दोनों टीमें सबसे पहले पुणे के एमसीए स्टेडियम में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगी, जो 30 नवंबर, 3 दिसंबर और 6 दिसंबर को खेली जाएगी। इसके बाद बाकी के मुकाबलों के लिए दोनों टीमें मुंबई का रुख करेंगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 8, 11 और 14 दिसंबर को तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जबकि इसी मैदान पर 19 दिसंबर से एकमात्र बहुदिवसीय मैच खेला जाएगा। सीमित ओवरों के साथ-साथ बहुदिवसीय स्क्वॉड में भारत की ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को भी शामिल किया गया है, जिन्हें दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया था।
टीम में कौन-कौन शामिल?
इसके अलावा टीम में बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा भी शामिल हैं। बहुदिवसीय स्क्वॉड में शुभा सतीश को भी जगह मिली है, जिन्होंने 2023-24 सीजन में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार टेस्ट डेब्यू किया था और 2024-25 में चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी खेली थीं।
भारतीय महिला ए टी20 टीम: वृंदा दिनेश, तनिषा सिंह, सैनिका चालके, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी कमलिनि (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मीनू मणि (उपकप्तान), अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, मोनिका पटेल, काशवी गौतम।
वनडे मैचों के लिए भारतीय महिला ए टीम: वृंदा दिनेश, तनिषा सिंह, प्रिया पूनिया, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी कमलिनि (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मीनू मणि (उपकप्तान), तेजल हसबनीस, श्रेयंका पाटिल, अमीषा बहुखंडी, शबनम शकील, साइमा ठाकोर, अक्षिता भगत, काशवी गौतम।
बहुदिवसीय मुकाबले के लिए महिला ए टीम: मीनू मणि (कप्तान), शुभा सतीश, प्रिया पुनिया, तनिषा सिंह, पूर्वाजा वर्लेकर, हेनरीएट्टा परेरा, तेजल हसबनीस (उपकप्तान), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), श्रेयंका पाटिल, साइमा ठाकोर, अक्षिता भगत, अमीषा बहुखंडी, हैप्पी कुमारी, शबनम शकील।