इंग्लैंड के खिलाफ वनडे के लिए भारतीय टीम
- फोटो : PTI
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। भारतीय टीम इस सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी। विराट कोहली को भी इस सीरीज के लिए टीम में मौका मिला है, लेकिन उनका इसमें खेलना फिटनेस पर निर्भर करता है। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला है।
सीरीज का कार्यक्रम
- भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई को एजबेस्टन में होने वाले पहले वनडे मैच से होगी।
- इसके बाद सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को खेला जाएगा।
- तीसरा मैच 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा।
- वनडे सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच एक जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी जिसके लिए श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम का एलान पहले किया जा चुका है।
भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का शेड्यूल
| तारीख |
भारतीय समयानुसार |
मैच |
स्थान |
| 14 जुलाई |
दोपहर 3:30 बजे |
पहला वनडे |
एजबेस्टन |
| 16 जुलाई |
शाम 5:30 बजे |
दूसरा वनडे |
सोफिया गार्डन्स |
| 19 जुलाई |
दोपहर 3:30 बजे |
तीसरा वनडे |
लॉर्ड्स |
फिटनेस टेस्ट पर निर्भर कोहली का खेलना
बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान तो कर दिया है, लेकिन इसमें स्पष्ट कहा है कि विराट कोहली का इस सीरीज में खेलना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करता है। कोहली की फिटनेस जांच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 22 जून को होगी। विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत दिलाई थी। इसी मैच के दौरान विराट को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। चोट के कारण विराट को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहना पड़ा। विराट फिलहाल लंदन में रिहैब कर रहे हैं।
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ACC
हार्दिक पांड्या बाहर
एक तरफ जहां कोहली को सर्शत टीम में शामिल किया गया है, वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम में जगह नहीं बना सके हैं। हार्दिक ने चोट से उबर कर बीसीसीआई सीओई में ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। उनका इस सीरीज में खेलना तय नहीं माना जा रहा था क्योंकि वह वनडे प्रारूप में खेलने के लिए पूरी नहीं फिट नहीं बताए जा रहे थे। हार्दिक चोट से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं और अब वह अफगानिस्तान के बाद इंग्लैंड दौरे के लिए भी टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। ऐसे में एक बार फिर नीतीश रेड्डी को मौका मिला है।
यशस्वी को नहीं मिला मौका, बुमराह की वापसी
इंग्लैंड दौरे के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुना गया है। यशस्वी ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक लगाया था, इसके बावजूद वह टीम में जगह बरकरार नहीं रख सके। दरअसल, शुरुआत में यशस्वी को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया था। कोहली के चोट के कारण बाहर होने के बाद यशस्वी को मौका मिला था। वहीं, टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है जिससे प्रिंस यादव को बाहर बैठना पड़ा है। तेज गेंदबाजों में बुमराह के अलावा गुरनूर, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह टीम में शामिल है।
जडेजा टीम में नहीं
भारत ने टीम में पांच तेज गेंदबाज और चार स्पिनरों को मौका दिया है, लेकिन एक बार फिर रवींद्र जडेजा का नाम टीम में शामिल नहीं है। जडेजा इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी नहीं खेले थे और अब उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए मौका नहीं मिला है। स्पिनरों के तौर पर टीम में अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। वहीं, विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ईशान किशन दोनों को मौका मिला है।
वरुण चक्रवर्ती
- फोटो : PTI
आयरलैंड दौरे के लिए टीम में बदलाव
बीसीसीआई ने बताया कि आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती बीसीसीआई सीओई में जारी रिहैब के अपने अंतिम चरण में हैं जिस कारण वह आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में नहीं खेल सकेंगे। वरुण चक्रवर्ती की जगह प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अपडेटेड स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।