भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और आईपीएल से जुड़े हितधारकों के बीच गुरुवार को मुंबई में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईपीएल के अगले साल अपने ऐतिहासिक 20वें सत्र में प्रवेश करने की तैयारियों के बीच बीसीसीआई ने 15 अक्तूबर को मुंबई में संयुक्त हितधारक बैठक बुलाई थी।
कारण आया सामने
बैठक इसलिए टाली गई है, क्योंकि 15 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करेंगे। इस समारोह में बीसीसीआई के अधिकारियों को भी शामिल होना है। सैकिया ने बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा, 15 अक्तूबर 2026 को मुंबई में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), आईपीएल की मेजबानी करने वाले राज्य संघों और प्रसारकों के साथ होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 अक्तूबर को नई दिल्ली में हाल ही में संपन्न 20वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करने वाले हैं। ऐसे में बीसीसीआई के अधिकारियों को इस समारोह में उपस्थित रहना होगा।
नई तारीख की घोषणा उचित समय पर होगी
सैकिया के अनुसार, बोर्ड को विभिन्न हितधारकों की ओर से भी बैठक स्थगित करने के अनुरोध मिले थे। उन्होंने कहा, 'इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए और अधिक से अधिक हितधारकों की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।' बीसीसीआई सचिव ने बताया कि बैठक की नई तारीख और स्थान की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।