Big Bash League 2021-22: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार भी वह विकेट लेने के बाद जश्न मनाने के अपने अंदाज के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। बिग बैश लीग के एक मैच में उन्होंने नए तरीके का जश्न इजात किया।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार भी वह विकेट लेने के बाद जश्न मनाने के अपने अंदाज के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। बिग बैश लीग के एक मैच में उन्होंने नए तरीके का जश्न इजात किया। ऑस्ट्रेलिया की इस चर्चित टी-20 लीग में सोमवार को उन्होंने मेलबर्न स्टार्स की तरफ से खेलते हुए पर्थ स्कॉर्चर्स के सलामी बल्लेबाज कर्टिस पैटरस का विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने अंपायर द्वारा बल्लेबाज को आउट दिए जाने के बाद अनोखे अंदाज में जश्न मनाया।
विज्ञापन
रउफ ने इशारे से हाथ सैनिटाइज करने का संदेश दिया और तुरंत जेब से मास्क निकालकर पहन लिया। क्रिकेट जगत में यह अपनी तरह का पहला जश्न है जिसे लोग भी काफी पसंद कर रहे हैं और इस पूरे पल का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब यह 28 वर्षीय गेंदबाज अपने जश्न के लिए चर्चा में है। उन्होंने दो साल पहले बिग बैश लीग के दौरान 'गला काटने' का इशारा करते हुए जश्न मनाया था जो काफी विवादों में रहा था। बीबीएल के ट्विटर हैंडल ने भी उनके जश्न का वीडियो शेयर करते हुए इसे क्रूर और असभ्य बताया था। रउफ ने इसके बाद 'आदाब' करते हुए जश्न मनाना शुरू किया।
विज्ञापन
पाकिस्तान की तरफ से पिछले साल यूएई में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने वाले 28 वर्षीय तेज गेंदबाज ने मैच में चार ओवर की गेंदबाजी में 38 रन देकर दो सफलता हासिल की।
हारिस हाल ही में चर्चा में तब आए जब भारत के पूर्व कप्तान और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स की सात नंबर वाली जर्सी तोहफे में दी। इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाज ने भी धोनी का आभार व्यक्त किया।