बिग बैश टीम मेलबर्न स्टार के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वो अपनी टीम के 13वें खिलाड़ी हैं, जो इस महामारी से संक्रमित हुए हैं। उनसे पहले टीम के 12 अन्य खिलाड़ियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। मैक्सवेल ने पिछले दो मैचों में टीम की कप्तानी की थी। रैपिड एंटीजन टेस्ट में बुधवार को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वो अभी आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
मेलबर्न स्टार ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ मैच के बाद रैपिड एंटीजन टेस्ट में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनका आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया और फिलहाल उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। उन्होंने पर्थ स्कॉचर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ अपनी टीम की कप्तानी की थी।
आखिरी समय में बदले बीग बैश लीग के तीन मैच
मैक्सवेल के अलावा ब्रिसबेन हीट के कई खिलाड़ी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसकी वजह से आखिरी समय में इस टूर्नामेंट के तीन मैचों में बदलाव किया गया है। मैक्सवेल के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मेलबर्न स्टार और एडिलेड स्ट्राइकर के बीच होने वाले मैच पर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं। मेलबर्न स्टार्स के सपोर्ट स्टाफ के आठ सदस्य भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। बिग बैश लीग में इससे पहले भी कोरोना के कई मामले सामने आ चुके हैं।
भारत में भी कोरोना के मामले बढ़े
भारत में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने रणजी ट्रॉफी सहित कई घरेलू टूर्नामेंट स्थगित कर दिए हैं। रणजी ट्रॉफी का आयोजन 13 जनवरी से होना था, लेकिन इससे पहले बंगाल की टीम के छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद मुंबई के शिवम दुबे भी कोरोना से संक्रमित हो गए। अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने रणजी ट्रॉफी और सीके नायडू ट्रॉफी सहित सहित कई टूर्नामेंट रद्द कर दिए हैं।