लंबे-लंबे छक्के मारने के लिए मशहूर यूसुफ पठान ने इस बार विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ 6 छक्कों से सजी धमाकेदार पारी खेली है। पठान की इस पारी के दम पर बड़ौदा को महाराष्ट्र के खिलाफ 4 विकेट की शानदार जीत मिली।
महाराष्ट्र के लिए 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की टीम ने 34 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद क्रीज पर आए विस्फोटक यूसुफ पठान ने आतिशी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाकर दम लिया।
उन्होंने आते ही अपने अंदाज में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। देखते-देखते ही उन्होंने 156.36 की स्ट्राइक रेट से 55 गेंदों में नाबाद 86 रन बना डाले। इस धमाकेदार पारी में पठान ने 6 छक्के और 6 चौके जमाए। पठान की पारी से मिली इस जीत के साथ ही बड़ौदा विजय हजारे ट्रॉफी में क्वार्टर फाइनल के और करीब पहुंच गया है।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बड़ौदा ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बड़ौदा के गेंदबाजों ने महाराष्ट्र की टीम को 49 ओवरों में 177 रन पर ऑल आउट कर दिया।