बांग्लादेश के स्पिन गेंदबाज नईम हसन ने आरोप लगाया है कि उनके गृहनगर चटगांव में कुछ पुलिस कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, उन्हें परेशान किया और कथित तौर पर मारपीट भी की। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। नईम हसन हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम में चुने गए हैं।
काफी परेशान दिखे नईम
घटना के बारे में बताते हुए नईम काफी परेशान और तनाव में दिखे। आरोप है कि यह घटना शुक्रवार देर रात हुई जब नईम प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब के फाइनल प्रीमियर लीग, बांग्लादेश के टॉप लिस्ट ए प्रतिगोगिता मैच में आखिरी बार खेलने के बाद घर लौट रहे थे। नईम ने कहा, मेरा प्रीमियर लीग मैच चल रहा था, मेरी फ्लाइट लेट थी। मैं एयरपोर्ट से सीएनजी से संचालित ऑटो रिक्शा से जा रहा था और रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर पुलिस ने लंका बाजार फ्लाईओवर के नीचे मेरा ऑटो रिक्शा रोका और ड्राइवर से दस्तावेज ले लिए।
पुलिस पर लगाया गला पकड़ने का आरोप
इस ऑफ स्पिनर के मुताबिक, शुरुआत में वह अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे थे और उन्होंने अपने बैग की तलाशी लेने तक के लिए हामी भर दी थी। नईम ने आगे बताया, 'मैंने कहा, 'तुम मेरा गला क्यों पकड़ रहे हो?' लेकिन उन्होंने मुझे धक्का देकर बाहर निकाल दिया। फिर उन्होंने मुझे पकड़ा, पीटा और गालियां दीं।' 25 साल के इस खिलाड़ी ने आगे कहा कि राष्ट्रीय टीम का सदस्य होने के नाते इस मुश्किल के शुरुआती दौर में उनके स्टेटस से कोई खास फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कहा, मैंने उनसे यह भी कहा कि मैं एक नेशनल क्रिकेटर हूं और टेस्ट मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करता हूं, लेकिन उन्होंने सुनने की जहमत नहीं उठाई और जब उन्हें फोन आए और मेरे बारे में बताया गया, तब उन्होंने अपना रवैया बदला।
आरोपों पर पुलिस की आई प्रतिक्रिया
इन दावों पर बात करते हुए, चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (उत्तर) अमीरुल इस्लाम ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है और अगर कोई पुलिस अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। अमीरुल ने कहा, हम आपको भरोसा दिला सकते हैं कि नईम को इंसाफ मिलेगा। हम मामले की जांच कर रहे हैं और जिसने भी यह किया है उसे सजा मिलेगी। हमारी इस मामले में जीरो टॉलेरेंस की नीति रही है, क्योंकि पुलिस का एक प्रोटोकॉल होता है और उन्हें इसे बनाए रखना चाहिए। इससे हमारी छवि जुड़ी होती है।