बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अगले सीजन के लिए केंद्रीय अनुबंध का एलान कर दिया है। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को बड़ा झटका लगा है क्योंकि इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों का डिमोशन हुआ है। केंद्रीय अनुबंध में इस बार किसी भी खिलाड़ी को ए प्लस कैटेगरी में नहीं रखा गया है। पिछली बार तस्कीन अहमद एकमात्र खिलाड़ी थे, जिन्हें ए प्लस कैटेगरी में शामिल किया गया था। इस साल उन्हें नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज और लिटन दास के साथ ए श्रेणी में रखा गया है।
चार श्रेणी में शामिल हैं खिलाड़ी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने केंद्रीय अनुबंध को चार श्रेणी में बांटा है। ग्रेड-ए में कुल चार खिलाड़ियों को जगह दी गई है। ग्रेड-ए में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आठ लाख बांग्लादेशी टका मिलता है। ग्रेड-बी में कुल मिलाकर 11 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिसमें मुशफिकुर रहीम का नाम भी शामिल है। पिछले साल वनडे क्रिकेट से रिटायर होने की वजह से मुशफिकुर को नुकसान झेलना पड़ा है। इसके अलावा मोमिनुल हक, तैजुल इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान, तौहीद ह्रदोय, तंजीद हसन, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, और नाहिद राणा को रखा गया है। ग्रेड-बी के खिलाड़ियों को छह लाख बांग्लादेशी टका मिलता हैं।
शादमान, तंजीद, रिशाद और मेहंदी हसन को ग्रेड-सी से बी में प्रमोट किया गया है। ग्रेड-सी में सौम्य सरकार, जाकेर अली, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नसुम अहमद और खालिद अहमद को जगह दी गई है। ग्रेड-डी में कुल सात खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ग्रेड-सी में रहने वाले खिलाड़ियों को चार लाख बांग्लादेशी टका मिलता है। वहीं, ग्रेड-डी के खिलाड़ियों को दो लाख बांग्लादेशी टका मिलता है।
बीसीबी के केंद्रीय अनुबंध में शामिल खिलाड़ी:
ग्रेड-ए: मेहदी हसन मिराज, लिटन दास, नजमुल हुसैन शांतो, तस्कीन अहमद।
ग्रेड-बी: मोमिनुल हक, तैजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मुशफिकुर रहीम, तौहीद ह्रदोय, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन, रिशाद हुसैन, मेहंदी हसन, हसन महमूद और नाहिद राणा।
ग्रेड-सी: सौम्य सरकार, जाकेर अली, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नसुम अहमद, खालिद अहमद।
ग्रेड-डी: सैफ हसन, परवेज हुसैन इमोन, तनवीर इस्लाम, नईम हसन, हसन मुराद, शमीम हुसैन और नूरुल हसन।