लिटन दास (60*) की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत बांग्लादेश ने बुधवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही बांग्लादेशी टीम ने दो मैचों की टी-20 सीरीज अपने नाम कर ली।
ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने सात विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश ने केवल एक विकेट खोकर 25 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला जीत लिया। बांग्लादेश की तरफ से अल-आमीन-हुसैन और मुस्ताफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट चटकाए।
बांग्लादेश की तरफ से लिटन के अलावा मोहम्मद नईम ने 33 और सौम्य सरकार मे नाबाद 20 रन बनाए। मैच में और पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए लिटन दास को मैन ऑफ द मैच और सीरीज दोनों चुना गया। वहीं, जिम्बाब्वे की तरफ से ब्रेंडन टेलर 59 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। बता दें कि पहला टी20 बांग्लादेश ने 48 रन से जीता था।