महिला टी20 विश्व 2026 कप के ग्रुप-ए मुकाबले में बांग्लादेश ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 23 रन से हरा दिया। साउथैम्प्टन में खेले गए इस लो-स्कोरिंग रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश की जीत की नायिका शोरना अख्तर, संजिदा अख्तर मेघला और नाहिदा अख्तर रहीं।
बांग्लादेश ने 123 रन बनाए
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 10वें ओवर में 48 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान निगार सुल्ताना (36 रन) और शोरना अख्तर (39* रन) ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 123 रन बनाए।
पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत, फिर लड़खड़ाई पारी
124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने दमदार शुरुआत की। गुल फिरोजा (23) और मुनीबा अली (25) ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। 10 ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर 58/1 था और टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी। हालांकि, इसके बाद बांग्लादेशी स्पिनरों ने मैच का रुख पलट दिया। कप्तान निगार सुल्ताना की बेहतरीन कप्तानी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान ने महज 14 रन के भीतर छह विकेट गंवा दिए।पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 100 रन ही बना सकी। बांग्लादेश की ओर से संजिदा अख्तर मेघला ने 3/21 और नाहिदा अख्तर ने 3/18 के शानदार आंकड़े दर्ज किए।
बांग्लादेश की लगातार चौथी जीत
यह टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की दूसरी भिड़ंत थी और पहली जीत भी। साथ ही बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बांग्लादेश के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं, जबकि पाकिस्तान को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी में भी दिखाया संघर्ष
बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही थी। कप्तान फातिमा सना (2/18) की अगुवाई में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही तीन विकेट झटक लिए। दिलारा अख्तर (5), शारमिन अख्तर (0) और जुआइरिया फर्दौस (7) सस्ते में पवेलियन लौट गईं। इसके बाद निगार सुल्ताना और सोभाना मोस्टारी ने 35 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि मोस्टारी और फिर निगार के आउट होने से टीम दबाव में आ गई। अंत में शोरना अख्तर ने 22 गेंदों में नाबाद 39 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।