बांग्लादेश की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा वनडे भी जीत लिया। चटोग्राम में खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने कैरेबियाई टीम को 120 रनों के विशाल अंतर से हराकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश की टीम क्रिकेट वर्ल्ड कप सुपर लीग के अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
बात करें मैच की तो आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में बांग्लादेश ने तमीम इकबाल (64), शाकिब अल हसन (51), मुशफिकुर रहीम (64) और महमुदुल्लाह की 64 रनों की नाबाद पारियों के दम पर 297 रनों का स्कोर बनाया।
बांग्लादेश के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की युवा टीम एक बार फिर से बल्लेबाजी में फ्लॉप रही और पूरी टीम 44.2 ओवर में 177 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई। वेस्टइंडीज की तरफ से रोवमन पॉवेल ने सर्वाधिक 47 रन बनाए जबकि बांग्लादेश की तरफ से मोहम्मद सैफुद्दीन ने सबसे अधिक तीन विकेट अपने नाम किए।