बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में बारिश बाधा बनी हुई है। इस मैच में दो दिन में सिर्फ 63.2 ओवर का खेल हो पाया है। मैच के दूसरे दिन भी ढाका के मैदान में जमकर बादल बरसे और बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने इस दौरान खूब मस्ती की। मैदान में उनकी मस्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने इस दौरान भी बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की और ड्रेसिंग रूम के अंदर ही अभ्यास करते नजर आए। उनका वीडियो भी सामने आया है और लोग उनकी लगन की तारीफ कर रहे हैं।
ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में शाकिब बच्चों की तरह बारिश में खेलते नजर आए। उन्होंने मैदान में बिछे कवर्स पर डाइव लगाई और पूरे मैदान में फिसलते रहे। इस दौरान शाकिब बहुत खुश नजर आए। उनके फैंस को भी यह वीडियो खूब पसंद आ रहा है और वो इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
बारिश की वजह से मैच रुकने के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने ड्रेसिंग रूम में ही प्रैक्टिस करने का फैसला किया और बल्ला लेकर वो अभ्यास करने लगे। उनकी इसी मेहनत और लगन का नतीजा था कि मैच रुकने के बावजूद उनका ध्यान नहीं भटका और बाद में मैदान पर आने पर भी उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ बल्लेबाजी की। बाबर इस मैच में 71 रन बनाकर खेल रहे हैं और पाकिस्तान को एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।