शाहीन शाह अफरीदी (5/32) की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद आबिद अली (56*) और अब्दुल्ला शफीक (53*) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए हुई 109 रन की अटूट साझेदारी से पाकिस्तान पहले टेस्ट में जीत के करीब पहुंच गया है।
उसे पांचवें व अंतिम दिन 93 रन की दरकार है। इससे पहले अफरीदी ने बांग्लादेश की दूसरी पारी 56.2 ओवर में 157 रन पर समेट दी। लिटन दास ने 59 और यासिर अली ने 36 रन बनाए। इससे पाक को जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य मिला। पाक के लिए अफरीदी के अलावा साजिद खान ने तीन और हसन अली ने दो विकेट लिए।
जवाब में पाकिस्तान ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना कोई विकेट गंवाए 109 रन बना लिए हैं। आबिद ने 105 गेंदों पर 56 रन और शफीक ने 93 गेंदों पर 53 रन बनाए। शफीक का यह डेब्यू टेस्ट है। पहली पारी में भी उन्होंने फिफ्टी लगाई थी। पहली पारी में उन्होंने 52 रन बनाए थे। वहीं, पहली पारी में आबिद ने 133 रन बनाए थे।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 330 रन बनाए थे। वहीं, पाकिस्तान ने पहली पारी में 286 रन बनाए। दूसरी पारी में बांग्लादेश 157 रन पर सिमट गई।