श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर रंगना हेराथ न्यूजीलैंड दौरे पर बांग्लादेश टीम के साथ रहेंगे। उन्हें इस दौरे के लिए टीम का स्पिन गेंदबाजी सलाहकार बनाया गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट संचालन प्रमुख अकरम खान ने कहा कि हेराथ न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में टीम के साथ रहेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उनके साथ दो साल का अनुबंध किया है। हेराथ टी-20 वर्ल्डकप में भी बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ में शामिल थे, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में वो टीम के साथ नहीं थे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट संचालन प्रमुख अकरम खान ने क्रिकबज को बताया कि हेराथ न्यूजीलैंड जा रहे हैं और दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान टीम का हिस्सा होंगे।
एक से 13 जनवरी के बीच खेली जाएगी सीरीज
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच एक जनवरी से खेला जाएगा। वहीं दूसरे टेस्ट की शुरुआत नौ जनवरी से होगी। न्यूजीलैंड में क्वारंटीन के नियमों में काफी छूट दी गई है। इस वजह से बांग्लादेश यहां दो दिन के दो अभ्यास मैच भी खेलेगा। अकरम खान ने बताया कि स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन की जगह युवा खिलाड़ी फैजल महमूद रब्बी को टीम में शामिल किया गया है। फैजल ने अब तक बांग्लादेश के लिए कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम का एलान किया है।
पारिवारिक कारणों से शाकिब ने वापस लिया नाम
बांग्लादेश की शुरुआती टीम में ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का नाम शामिल था। बाद में शाकिब ने पारिवारिक कारणों से इस सीरीज में उपलब्ध रहने में अपनी असमर्थता जताई और उनकी जगह रब्बी को मौका दिया गया है। रब्बी ने हाल ही में नेशनल क्रिकेट लीग की 11 पारियों में 60.30 के औसत से 603 रन बनाए थे। अकरम ने बताया कि रब्बी को घरेलू मैचों में अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है।