फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BAN vs NZ: सेमीफाइनल के लिए कदम बढ़ाने उतरेगा न्यूजीलैंड, एक और हार बांग्लादेश के रास्ते कर सकती है बंद

Sun, 23 Feb 2025 03:33 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रावलपिंडी

सार

न्यूजीलैंड की टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान को 60 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। इस बड़ी जीत से उसका नेट रन रेट भी अच्छा हुआ है। बांग्लादेश के खिलाफ जीत से वह सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच जाएगा।
विज्ञापन
खेल जगत की रोचक खबर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहले मैच में पाकिस्तान को मात देने वाली न्यूजीलैंड की टीम का सामना ग्रुप ए के मुकाबले में सोमवार को बांग्लादेश से होगा। भारत ने बांग्लादेश को पिछले मैच में हराया था। न्यूजीलैंड अगर बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करने में सफल रही तो सेमीफाइनल के लिए कदम आगे बढ़ा लेगी, जबकि बांग्लादेश का सफर लगभग ग्रुप चरण में ही थम जाएगा। 
विज्ञापन

न्यूजीलैंड का अच्छा है नेट रन रेट
न्यूजीलैंड की टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान को 60 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था। इस बड़ी जीत से उसका नेट रन रेट भी अच्छा हुआ है। बांग्लादेश के खिलाफ जीत से वह सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच जाएगा। दूसरी तरफ बांग्लादेश को अपने पहले मैच में भारत के हाथों छह विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। उसका नेट रन रेट भी खराब है और उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में बने रहने के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

न्यूजीलैंड के लिए अंतिम एकादश की चुनौती 
न्यूजीलैंड ने पहले मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया था। पाकिस्तान में त्रिकोणीय सीरीज खेलने से उसे परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में मदद मिली। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले उसे अपनी अंतिम एकादश का चयन करने के लिए थोड़ा माथापच्ची करनी होगी क्योंकि रचिन रवींद्र सिर की चोट से उबरकर वापसी करने के लिए तैयार हैं। उनकी अनुपस्थिति में डेवोन कॉनवे और विल यंग ने पारी की शुरुआत की थी। यंग को उनके लिए जगह बनानी थी लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर अंतिम एकादश में अपनी जगह पक्की कर ली।

यंग ने स्पिन गेंदबाजों का डटकर सामना करने की अपनी काबिलियत का लगातार सबूत पेश किया है। इसके अलावा उन्हें बाहर करने से शीर्ष क्रम में दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन भी गड़बड़ा जाएगा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अगर न्यूजीलैंड रचिन को अंतिम एकादश में शामिल करता है तो उनके लिए किस खिलाड़ी को बाहर जाना पड़ेगा। इसके अलावा न्यूजीलैंड की टीम में किसी तरह का कोई मसला नहीं है।

बांग्लादेश को करना होगा बेहतर प्रदर्शन
जहां तक बांग्लादेश का सवाल है तो उसके सामने अब बड़ी चुनौती है। भारत के खिलाफ पहले मैच में तीनों विभाग में उसकी कमजोरी खुलकर सामने आई थी। उसकी टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए जल्द से जल्द संगठित होना पड़ेगा। बांग्लादेश के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा, क्योंकि पिछले मैच में उसकी बल्लेबाजी का संघर्ष स्पष्ट नजर आ रहा था। अगर जाकर अली और तौहीद हृदोय के बीच छठे विकेट के लिए 154 रन की साझेदारी नहीं होती, तो बांग्लादेश को 100 रन तक पहुंचने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता। बांग्लादेश के गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है जबकि फील्डिंग में भी उसे काफी सुधार करना पड़ेगा।।
विज्ञापन

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, विलियम ओ रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, केन विलियमसन, विल यंग, जैकब डफी।
बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), सौम्य सरकार, तंजीद, हसन, तौहीद हृदोय, मुश्फिकुर रहीम, एमडी महमूद उल्लाह, जाकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन, नसुम अहमद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें