बांग्लादेश का एशिया कप में पहला मुकाबला गुरुवार को हांगकांग के खिलाफ होगा। हांगकांग को पहले मैच में अफगानिस्तान से 94 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था और उसकी नजरें वापसी करने पर टिकी होंगी। दूसरी ओर, बांग्लादेश की टीम अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी। लिटन दास टीम के कप्तान होंगे जिनका यह पांचवां एशिया कप है लेकिन पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर खेलेंगे। विकेटकीपर और बल्लेबाज के तौर पर उनकी मौजूदगी टीम को स्थिरता देती है।
हांगकांग में बल्लेबाजी में करना होगा सुधार
हांगकांग की टीम का प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छा नहीं रहा था और उसका बल्लेबाजी विभाग काफी कमजोर नजर आया था। हांगकांग की टीम 100 रन भी पूरे नहीं कर सकी थी। गेंदबाजों ने शुरुआत में कुछ दबाव बनाया, लेकिन बाद में वे भी अपनी लय गड़बड़ा गए। बांग्लादेश की टीम 2012, 2016 और 2018 में फाइनल में पहुंची लेकिन हर बार भारत और श्रीलंका जैसे दिग्गजों के खिलाफ उसे पराजय का सामना करना पड़ा।
बांग्लादेश के पास भी अच्छे खिलाड़ी
बांग्लादेश टीम में नुरूल हसन भी तीन साल बाद टीम में लौटे हैं जिससे बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के विकल्प बढ़े हैं। तौहीद ह्र्दय मध्यक्रम को आक्रामकता देते हैं, जबकि मुस्ताफिजुर रहमान के पास डेथ ओवरों में विविधता है। नई गेंद संभालने वाले तंजीम हसन साकिब का फॉर्म अतिरिक्त बोनस है। बांग्लादेश ने पिछली तीन सीरीज में श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराया है।
दोनों टीमें इस प्रकार है...
बांग्लादेश: लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद ह्र्दय, जाकिर अली, शमीम हुसैन, नुरूल हसन, मेहदी हसन, रिषाद हुसैन, नासुम अहमद, मुस्ताफिजूर रहमान, तंजीम हसन, तसकीन अहमद, शरीफुल इस्लाम, मोहम्मद सैफुद्दीन।
हांगकांग: यासिम मुर्तजा (कप्तान), बाबर हयात, जीशान अली, निजाकत खान मोहम्मद, नसरूल्ला राणा, मार्टिन कोएत्जी, अंशुमान रथ, कल्हान मार्क चाल्लू, आयुष शुक्ला, मोहम्मद ऐजाज खान, अतीक उल रहमान इकबाल, किंचित शाह, अली हसन, शाहिद वसीफ, गजांफर मोहम्मद, मोहम्मद वाहीद, एहसान खान।
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी इस प्रकार है...
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला 11 सितंबर यानी गुरुवार को खेला जाएगा।
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेला जाएगा।
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.30 बजे होगा।
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कहां देख सकेंगे?
बांग्लादेश और हांगकांग के बीच एशिया कप 2025 मुकाबले के प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप पर होगी। आप amarujala.com पर इस मैच की लाइव कवरेज देख सकते हैं।