बालादेवी के चार गोलों की मदद से भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने 2020 एएफसी ओलंपिक क्वालिफायर्स के दूसरे मैच में बांग्लादेश को 7-1 से हरा दिया। बालादेवी के अलावा कमला देवी ने दो और संजू ने एक गोल किया। पहले मैच में भारतीय टीम ने नेपाल के साथ ड्रॉ खेला था। दो मैचों में टीम के चार अंक हो गए हैं।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच शुरुआत में कड़ा मुकाबला हुआ लेकिन 16वें मिनट में भारतीय टीम के खाता खोलने के बाद यह मैच एकतरफा साबित हुआ। आठ मिनट के अंदर तीन गोल होने से बांग्लादेश की टीम दबाव में आ गई।
बालादेवी को बॉक्स में गिराने पर स्पॉट किक दी गई जिस पर कमला देवी ने पहला गोल किया था। पांच मिनट बाद बालादेवी ने गोल कर दिया। उसके तुरंत बाद बाला देवी ने एक और गोल कर दिया। बांग्लादेश को 28वें मिनट में मौका मिला था लेकिन उसकी खिलाड़ी भुना नहीं सकीं। कमलादेवी ने 53वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर दिया।