दक्षिण अफ्रीका के ओपनर डीन एल्गर बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में 1 रन से दोहरे शतक से चूक गए। समाचार लिखे जाने तक खेल के दूसरे दिन बांग्लादेश ने पहली पारी में 2 विकेट खोकर 51 रन बना लिए थे। मोइमुल हक 13 रन तथा मुशफिकुर रहमान 6 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इमरूल कयास 7 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर मरकराम के हाथों कैच आउट हुए। लिटन दास को 25 रन पर मोर्कल की गेंद पर अमला ने लपका।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 3 विकेट पर 496 रन बनाए। डीन एल्गर ने 199 रन बनाए। हाशिम अमला ने 137 रनों की शानदार पारी खेली। अमला का यह 27 वां टेस्ट शतक है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए थे। डीन एल्गर 128 रन और हाशिम अमला 68 रन पर नाबाद थे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे दिन बेहतरीन पारी खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 215 रनों की साझेदारी हुई। अमला को सैफुल ने आउट किया। इसके थोड़े देर बाद ही एल्गर मुस्ताफिजुर का शिकार बने। पहले दिन बांग्लादेश को 1 विकेट ही हासिल हुआ था। एडिन मार्कराम 97 रनों पर रन आउट हुए थे।