स्टेडियम से कुछ मील की दूरी पर हुए विस्फोट के बाद इन खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में पूरी सुरक्षा के साथ ले जाया गया। विस्फोट के बाद कुछ समय के लिए मैच को रोक दिया गया।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा के पुलिस लाइन में रविवार को हुए विस्फोट में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पुलिसकर्मा हैं। हालांकि, इस विस्फोट में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और पूर्व स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी बाल-बाल बच गए। बाबर और शाहिद अफरीदी समेत कुछ शीर्ष पाकिस्तानी क्रिकेटर्स विस्फोट से कुछ ही दूर स्थिति नवाब अकबर बुगती स्टेडियम में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का एक प्रदर्शनी मैच खेल रहे थे। यह एक आतंकी हमला बताया जा रहा है।
विज्ञापन
प्रदर्शनी मैच के दौरान बाबर
स्टेडियम से कुछ मील की दूरी पर हुए विस्फोट के बाद इन खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में पूरी सुरक्षा के साथ ले जाया गया। विस्फोट के बाद कुछ समय के लिए मैच को रोक दिया गया। विस्फोट के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने रविवार को एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली। इसमें कहा गया है कि विस्फोट में सुरक्षा अधिकारियों को निशाना बनाया गया था। पीएसएल की टीम क्वेटा ग्लेडिएटर्स और पेशावर जाल्मी के बीच प्रदर्शनी मैच का आयोजन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा बलूच प्रशंसकों के दबाव के बाद किया गया था, ताकि क्वेटा को भी पीएसएल स्थल का दर्जा मिल जाए।
पुलिस अधिकारी ने कहा- जैसे ही विस्फोट हुआ, एहतियात के तौर पर मैच रोक दिया गया और खिलाड़ियों को कुछ देर के लिए ड्रेसिंग रूम में ले जाया गया। बाद में हरी झंडी मिलने के बाद मैच फिर से शुरू हो गया। मैच के लिए मैदान खचाखच भरा हुआ था।
क्वेटा में स्टेडियम के पीछे से कुछ दूरी पर हुए विस्फोट का धुआं देखा जा सकता है
अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में खेल गतिविधियां खराब सुरक्षा स्थिति और आतंकी हमलों के लगातार खतरे के कारण पिछले कई वर्षों से ठप पड़ी हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट कैसे हुआ। टीटीपी ने हाल के दिनों में आतंकी हमले तेज कर दिए हैं। पिछले हफ्ते पेशावर में पुलिस लाइन में हुए एक आत्मघाती हमले में 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।