एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली। पाकिस्तान एक गेंद रहते मैच जीत पाया। आखिरी तीन ओवर में स्थिति यह थी कि मुकाबला किसी ओर भी घूम सकता था। हालांकि, पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने खुद पर काबू रखते हुए टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ी आखिरी ओवर में परेशान दिखे। वह हर एक गेंद पर खड़े हो जा रहे थे, लेकिन पांचवीं गेंद पर जाकर उन्होंने चैन की सांस ली।
दरअसल, पाकिस्तान को आखिरी ओवर में सात रन चाहिए थे। अर्शदीप सिंह गेंदबाजी करने आए। वीडियो में दिखता है कि पाकिस्तानी ऑलराउंडर शादाब खान जो उस वक्त तक बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे और बैटिंग पैड पहनकर तैयार थे, अपने साथी खिलाड़ियों से यह कहते हुए सुनाई देते हैं- दुआ कर! दुआ कर!। बाबर आजम भी वहीं मौजूद थे और अपने खिलाड़ियों को रन चेज करता हुआ देख रहे थे। आखिरी ओवर में स्ट्राइक पर आसिफ अली और खुशदिल शाह थे।
पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम का हाल
- फोटो : सोशल मीडिया
इस दौरान वह भारतीय फील्डर्स को गिनते हुए सुनाई दिए। बाबर कहते हैं- पांच फील्डर्स 30 यार्ड की सर्कल में आ गए भाई। दरअसल, तय समय में कम ओवर फेंकने के कारण भारतीय टीम पर पेनल्टी लगाई गई थी और सिर्फ चार खिलाड़ियों को 30 यार्ड के सर्कल से बाहर रहने की इजाजत दी गई थी। वहीं, तभी मोहम्मद रिजवान ड्रेसिंग रूम में आते हैं। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर आसिफ ने चौका लगाया। इस पर रिजवान उछल पड़ते हैं और कहते हैं- इस बॉल में मैच खत्म!
हालांकि, तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना और चौथी गेंद पर अर्शदीप ने आसिफ को आउट कर दिया। इस पर शादाब यह कहते हुए सुनाई देते हैं- दुआ मांगनी पड़ेगी। इसके बाद पांचवीं गेंद पर इफ्तीखार अहमद ने दो रन लेकर पाकिस्तान टीम की जीत दिलाई। इस पर ड्रेसिंग रूम में मौजूद शादाब, बाबर, रिजवान, नसीम शाह और मोहम्मद हसनैन समेत तमाम खिलाड़ी खुशी से उछल पड़े और एकदूसरे को गले लगाते दिखे।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 181 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने पांच विकेट पर 182 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत के साथ सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान के दो अंक हो गए हैं। पाकिस्तान सुपर-4 राउंड के अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं, श्रीलंका दो अंक और बेहतर रन रेट के साथ पहले स्थान पर है। अब छह सितंबर को भारत-श्रीलंका और सात सितंबर को पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच मुकाबला होगा। सुपर-4 राउंड में चारों टीमें एकदूसरे से एक-एक बार भिड़ेंगी। आखिर में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।