पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर रैली के दौरान हमला हुआ है। वजीराबाद में हमलावर ने इमरान खान के कंटेनर के पास से गोलीबारी की। इस घटना में इमरान खान के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अब वह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस घटना में इमरान के अलावा भी कई लोग घायल हुए हैं। इस बीच पाकिस्तान के कई खिलाड़ियों ने इमरान खान पर हमले की निंदा की है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने भी ट्वीट किया कि अल्लाह कप्तान को सुरक्षित रखें।
बाबर आजम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद इमरान खान पर हुए हमले की निंदा करते हुए ट्विटर पर लिखा "इमरान खान पर इस जघन्य हमले की कड़ी निंदा करता हूं। अल्लाह कप्तान को सुरक्षित रखे और हमारे प्यारे पाकिस्तान की हिफाजत करे। अमीन"
हमले के बाद इमरान खान को अस्पताल ले जाते पार्टी के कार्यकर्ता
क्या है मामला?
पाकिस्तान मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वजीराबाद में जफर अली खान चौक के पास पूर्व पीएम और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान रैली कर रहे थे। इसी दौरान उन पर कंटेनर के पास से फायरिंग हुई जिसमें इमरान सहित कुछ और नेता घायल हो गए। उनके पैर में गोल लगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। इस बीच इमरान खान का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि अल्लाह ने मुझे नई जिंदगी दी है। मैं दोबारा से लड़ूंगा। वहीं, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 33 रन से हराया
जिस समय इमरान खान पर हमला हुआ, इस समय पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेल रही थी। इस मैच में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते उए पाकिस्तान ने खराब शुरुआत की और 43 रन पर चार विकेट गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज और शादाब खान ने शानदार बल्लेबाजी कर पाकिस्तान का स्कोर 185 रन तक पहुंचा दिया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने नौ ओवर में चार विकेट खोकर 69 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश आ गई।
बारिश रुकी तो दक्षिण अफ्रीका के सामने 14 ओवर में 142 रन का लक्ष्य था। अफ्रीकी टीम इसके जवाब में नौ विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी और पाकिस्तान ने मैच 33 रन से जीत लिया।