HCA के अधिकारी मुझसे डरते हैं - मोहम्मद अजहरुद्दीन
- फोटो : SELF
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 सितंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों के लिए हुए टीम इंडिया के चयन पर सवाल उठ रहे हैं। टीम में श्रीलंका दौरे पर आराम देने के नाम पर टीम से बाहर किए गए उमेश यादव, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन में से यादव और शमी की की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम में वापसी हो गई लेकिन अश्विन और जडेजा को टीम से एक बार फिर आराम के नाम से बाहर रखा गया।
पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सीरीज से पहले महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को आराम दिए जाने की रणनीति पर सवाल खड़े किए हैं। 1990 के दशक एक काउंटी सीजन में 2500 से ज्यादा रन बनाने के अनुभव के बारे में बात करते हुए अजहर ने कहा, अश्विन काउंटी क्रिकेट में खेल रहे हैं ये अच्छी बात है। काउंटी का अनुभव निश्चित तौर पर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा। लेकिन यदि मैं कप्तान होता तो अश्विन और जडेजा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज में जरूर खिलाता।
हालांकि अजहर ने विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन पर कोई सवाल नहीं उठाए। उनका मानना है कि उनकी कमान में टीम इंड़िया वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया की तरह विश्व क्रिकेट में दबदबा कायम कर सकती है। श्रीलंका के खिलाफ उनका प्रदर्शन शानदार रहा। मैं ये भी मानता हूं कि श्रीलंकाई टीम बदलाव के बड़े दौर से गुजर रही है। श्रीलंकाई टीम में संगाकारा, जयवर्धन और मुरलीधरन जैसे दिग्गज खिलाड़ी नहीं है। बावजूद इसके टीम इंडिया को वहां जाकर अपना काम करना था और उन्होंने वो बखूबी किया। श्रीलंकाई बल्लेबाज कई मैचों में एक ही तरीके से आउट हुए।
अजहर ने कोहली की उदारहण के साथ टीम की कमान संभालने की भी सराहना की। उन्होंने कहा, कोहली फोकस्ड, मानसिक रूप से दृढ़ और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जो अपनी फिटनेस का खासा ख्याल रखते हैं। इन दिनों इंग्लैंड में भी फ्लैट विकेट बन रहे हैं। लेकिन एक अच्छे बल्लेबाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती अच्छी स्विंग गेंदबाजी के सामने रन बनाने की होती है। ऐसे में आपको इंतजार करके क्रिकेट खेलनी होती है।
जब अजहर से पूछा गया कि टीम में किस बात की कमी है तो उन्होंने कहा, सुरेश रैना की टीम के मिडिल ऑर्डर में वापसी होनी चाहिए। वह अनुभवी खिलाड़ी हैं और उनका वनडे में अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड भी है। लेकिन क्या टीम की योजनाओं के अनुरूप क्या रैना उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरते हैं ये देखने वाली बात होगी।