गाले और कोलंबो टेस्ट में जीत के साथ श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया का लक्ष्य मेजबान टीम का सूपड़ा साफ करने का है। ऐसे में रविंद्र जडेजा के निलंबन के कारण टीम के सामने खड़ी हुई अापात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कुलदीप यादव के पल्लीकल टेस्ट में उतरने की पूरी संभावना है लेकिन उनकी गैर मौजूदगी के बारे में भी टीम विचार कर रही है।
बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल या आफ स्पिनर जयंत यादव को 11 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में 15वें सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है। अंतिम टेस्ट में कुलदीप का अंतिम एकादश में खेलना लगभग तय है लेकिन टीम प्रबंधन इस युवा चाइनामैन गेंदबाज का कवर चाहता है।
चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद फिलहाल तीसरे टेस्ट के लिए पल्लेकल में हैं और उनके कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली के साथ चर्चा के बाद फैसला करने की उम्मीद है। अक्षर फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में हैं जहां वह ‘ए’ टीमों की त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा ले रहे हैं।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर आज पीटीआई को बताया, ‘‘मंगलवार शाम तक अक्षर के वनडे मैच पूरे हो जाएंगे इसलिए वह गुरुवार (10 अगस्त) तक टीम से जुड़ सकते हैं। तार्किक तौर पर जडेजा की गैरमौजूदगी में वह विकल्प की तरह हैं।’’ जयंत को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता क्योंकि भारत ने इस साल की शुरुआत में जब आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली टेस्ट श्रृंखला खेली थी तो वह टीम के सदस्य थे।