मेलबर्न में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारतीय टीम की जीत की प्रबल संभावना नजर आ रही है। दोनों टीमों के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया की पहली पारी 326 रन पर ऑलआउट हो गई।
पहली पारी में 131 रन की बढ़त
पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 131 रन की बढ़त मिली। बता दें कि भारत ने मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रन पर आउट कर दिया था। वहीं, दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में जैसे-तैसे 133/6 रन ही बना पाई। अब वह भारत से सिर्फ 2 रन ही आगे है।
100 रन से ज्यादा की बढ़त पर जीतने की संभावना प्रबल
बता दें कि इस सीरीज में दूसरा मौका है जब भारत को ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी के आधार पर बढ़त मिली है। दरअसल, टीम इंडिया ने जब भी टेस्ट क्रिकेट में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए 100 रन से ज्यादा की बढ़त हासिल की है तब उसके जीतने की संभावना अधिक रही है। पुराना टेस्ट रिकॉर्ड इस बात का गवाह है।
जबरदस्त है पुराना रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने अब तक 62 टेस्ट मैचों में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए विरोधी टीम पर 100 रन से ज्यादा की बढ़त हासिल की है। इनमें से 41 मौकों पर टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 20 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
पहले टेस्ट में मिली थी हार
एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में भी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त हासिल की थी। मगर टीम इंडिया को पहले टेस्ट में आठ विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। बता दें कि चार मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 0-1 से पीछे चल रही है।