सिडनी मैदान पर धोनी को पारी के चौथे ओवर में ही उतरना पड़ा जो कम ही होता है। पिछले दो साल से रोहित, शिखर धवन और विराट कोहली का प्रदर्शन इतना अच्छा रहा है कि धोनी को कभी इतनी जल्दी नहीं आना पड़ा।
चौथे नंबर पर धोनी का बल्लेबाजी औसत 52.95 है जो मौजूदा औसत 50.11 से ज्यादा है। पांचवें नंबर पर उनका औसत 50.70 और छठे पर 46.33 रहा है लेकिन निचले क्रम पर औसत से अधिक स्ट्राइक रेट महत्वपूर्ण होता है।
धोनी का चौथे नंबर पर स्ट्राइक रेट 94.21 है जो उनके कॅरिअर के स्ट्राइक रेट 87.60 से बेहतर है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में पिछला वनडे जनवरी 2016 में खेला था जिसमें धोनी ने चौथे नंबर पर दो मैचों में 18 रन बनाए थे। उस शृंखला के बाद से धोनी ने आठ वनडे में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की है। उनका औसत 24.75 रहा जबकि स्ट्राइक रेट 77.34 रहा है।
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के अनुशासनात्मक कारणों से अचानक टीम से बाहर किए जाने से बल्लेबाजी क्रम का संतुलन भी बिगड़ गया है। एशिया कप और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में वह चोट के कारण बाहर थे तब उपमहाद्वीप में तीन स्पिनरों को उतारने का फायदा मिला।
विदेश में उनके नहीं होने का टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ेगा। दूसरे वनडे से पहले संभावित टीम का ऐलान नहीं किया गया है। ऑलराउंडर विजय शंकर दोपहर देर से पहुंचे और चयन के लिए संभवत: उपलब्ध नहीं होंगे। हार्दिक की गैर मौजूदगी में टीम का संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती होगा।
संदिग्ध एक्शन की शिकायत के बावजूद अंबाती रायुडू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं। अब देखना यह है कि टीम प्रबंधन क्या करता है। केदार जाधव विकल्प हो सकते हैं और दिनेश कार्तिक की जगह उन्हें मौका दिया जा सकता है। पहले वनडे में गेंदबाजी संयोजन में बदलाव की गुंजाइश कम है हालांकि खलील अहमद फॉर्म में नहीं है।
उन्होंने युजवेंद्र चहल के साथ नेट्स पर गेंदबाजी की। तीन तेज गेंदबाजों में से मोहम्मद शमी पहले मैच में सबसे प्रभावी रहे और इतने अहम मुकाबले में उन्हें बाहर नहीं रखा जाएगा। टीम प्रबंधन रविंद्र जडेजा के हुनर पर भरोसा कायम रख सकता है और ऐसे में चहल की तुरंत वापसी संभव नहीं लगती।
भारत के प्रदर्शन का फोकस शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर होगा। सिडनी में भारत ने चार रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद टीम उबर नहीं पाई। कोहली का इस मैदान पर सभी प्रारूपों में औसत 73.44 रहा है और वनडे में उनका औसत 46.66 है।
धवन की फॉर्म पर भी नजरें होगी जो इस सत्र में धोनी और रायडू के अलावा घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज थे। धोनी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं जबकि रायडू ने रणजी सत्र शुरू होने से पहले ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
धवन रणजी खेलने की बजाय मेलबर्न में परिवार के साथ समय बिता रहे थे। सिडनी में पहली गेंद पर आउट होने के बाद उनकी फॉर्म पर उंगली उठने लगी है। ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक अंतिम एकादश की घोषणा नहीं की है लेकिन टीम में बदलाव की उम्मीद कम ही है।
टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायडू, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, विजय शंकर, खलील अहमद, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज में से
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), एलेक्स कैरी, उस्मान ख्वाजा, शान मार्श, पीटर हैंड्सकोम्ब, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, नाथन लियोन, पीटर सिडल, जाय रिचर्डसन, मिशेल मार्श, बिली स्टानलेक, एस्टोन टर्नर, एडम जाम्पा और जेसन बेहरेनडोर्फ।
भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों (दूसरे से चौथा क्रम) ने पहले वनडे में तीन रन का योगदान दिया। यह इस क्रम में भारत का दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। इससे पहले 2009-10 में शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों ने श्रीलंका के खिलाफ दो रन का योगदान दिया था।
02: दूसरा सबसे धीमा अर्द्धशतक लगाया था धोनी ने सिडनी मैच में अपना जब उन्होंने 96 गेंदों पर 51 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नार्थ साउंड में 114 गेंदों पर 54 रन बनाए थे।
04: मैच जीते हैं एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ यहां खेले गए अपने पांच मैचों में
2012: में खेला गया था भारत और ऑस्ट्रेलिया का पिछला वनडे एडिलेड में जिसे भारत ने चार विकेट से जीता था।