चाहे भारतीय टीम दुनिया के किसी भी कोने में खेल रही हो, उन्हें अपने फैंस का प्यार शर्तिया मिलता है। ऐसा ही नजारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे सिडनी टेस्ट में नजर आया। जब भारत आर्मी के गानों पर हार्दिक पांड्या खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए।
दरअसल, खेल के चौथे दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल तकरीबन 3.30 घंटे देरी से शुरू हुआ। ऐसे में मैदान पर फील्डिंग करने आए हार्दिक पंड्या ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाने का कोई मौका खाली नहीं जाने दिया।
स्टैंड से टीम इंडिया के सपोर्ट में 'भारत आर्मी' के उभरते शोर और स्लोगन्स पर पांड्या मैदान में डांस करते दिखे। इसके पहले भी दर्शकों के साथ कई बार बाउंड्रीलाइन पर फील्डिंग करते हुए ऐसा करते नजर आ चुके हैं।
सीरीज के दो टेस्ट मैच के बाद एशिया कप के दौरान चोटिल होने वाले पांड्या को टीम में वापस बुलाया गया। चोट से उबरने के बाद मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में खेले गए मैच में उन्होंने गेंदबाजी में एक पारी में पांच विकेट भी लिए साथ ही बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक भी जड़ा था। ऐसे में उनकी टीम में वापसी का रास्ता आसानी से खुल गया। हार्दिक ऑस्ट्रेलिया तो पहुंचे लेकिन उन्हें टेस्ट मैच में खेलने का मौका भी नहीं मिला। हालांकि 12 जनवरी से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में वो अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।