ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने दिग्गज सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर उन्हें बधाई दी है। अल्बनीज का यह संदेश सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट के पहले दिन से ठीक पहले सामने आया।
पीएम ने की सराहना
39 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने पुष्टि की कि सिडनी टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच होगा। इस्लामाबाद में जन्मे ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 87 टेस्ट मैच खेले और एक लंबा व यादगार करियर समाप्त किया। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने सोशल मीडिया पर ख्वाजा के योगदान को सराहते हुए लिखा, 'उस्मान, ऑस्ट्रेलिया के लिए मैदान पर आपने जो कुछ किया और मैदान के बाहर आप ऑस्ट्रेलियाइयों के लिए जो मायने रखते हैं, उसके लिए धन्यवाद। आप अपने रिकॉर्ड, अपनी विरासत और उस उदाहरण पर गर्व कर सकते हैं, जो आपने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थापित किया है।'
उस्मान ख्वाजा ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में मीडिया से बातचीत के दौरान अपने संन्यास की घोषणा की, जिससे उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लग गया। अपने टेस्ट करियर में ख्वाजा ने 157 पारियों में 43.39 की औसत से 6,206 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 16 शतक और 28 अर्धशतक जड़े।