बॉल टेंपरिंग का विवाद लगातार स्टीव स्मिथ के लिए बड़ी मुसीबतें खड़ी करता जा रहा है। पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने उनसे कप्तानी छीनी, आईसीसी ने एक मैच का बैन और 100 फीसदी मैच फीस जुर्माने के तौर पर लगाई और अब आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी गंवानी पड़ी। इस बीच उनकी और पूरी टीम की इस शर्मनाक हरकत पर खुद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया उनका साथ नहीं दे रहा है। जबकि ऐसा अक्सर देखा गया है कि ऑस्ट्रेलियन मीडिया हर विवाद में अपने खिलाड़ियों के पीछे खड़ा रहा है लेकिन इस बार वह भी इनकी हरकत पर शर्मिंदा महसूस कर रहे हैं।
राष्ट्रीय मीडिया में इस तरह की खबरें चल रही हैं कि स्मिथ के नेतृत्व वाली टीम ने न सिर्फ क्रिकेट को शर्मसार किया है बल्कि देश भी बदनामी झेल रहा है। ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट को राष्ट्रीय खेल माना जाता है और इस घटना के बाद सभी दुखी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े अखबारों में से एक 'द ऑस्ट्रेलियन' इस खबर को अपनी लीड स्टोरी बनाते हुए लिखा है, 'शर्मनाक स्मिथ।' तुम्हारी और टीम की इस हरकत ने
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को सिर से लेकर पांव तक झकझोर दिया है। इस खबर में आगे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ जेम्स सदरलैंड का इस्तीफा भी मांगा गया है।
वरिष्ठ क्रिकेट लेखक पीटर लालोर ने लिखा है, 'ड्रेसिंग रूम कोच और बड़े खिलाड़ी कहां थे?' उन्होंने आगे लिखा, 'यह हर हाल में जीत दर्ज करने की संस्कृति का परिणाम है, जो आखिर में आत्मनिर्भरता के नियम से बेशर्मी और खुलेआम धोखाधड़ी में बदल गई।'