ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग ने अगले साले होने वाले वनडे विश्व कप के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली का समर्थन किया है। पोंटिंग का मानना है कि ये दोनों बल्लेबाज वनडे विश्व कप के लिए अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ कोशिश करेंगे। रोहित और कोहली ने पिछले साल टेस्ट प्रारूप से संन्यास ले लिया था और अब दोनों सिर्फ वनडे में ही भारत के लिए खेलते हैं।
लय में दिख रहे हैं रोहित-कोहली
कोहली ने मौजूदा आईपीएल सीजन में अपनी लय बरकरार रखी है, जबकि चोट के बावजूद रोहित भी अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया के सफलतम कप्तान हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में कंगारू टीम को 2003 और 2007 में विश्व कप का खिताब दिलाया था। पोंटिंग का कहना है कि कोई भी रोहित-कोहली जैसे चैंपियंस को नजरअंदाज नहीं कर सकता है।
आईपीएल में पंजाब किंग्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने कहा, मैं उन्हें आगे बढ़ते हुए और वहां तक पहुंचने की कोशिश करते हुए देख सकता हूं। चैंपियन खिलाड़ियों के बारे में मैंने हमेशा एक बात कही है कि आप उन्हें कभी मना नहीं कर सकते। आप उन्हें कभी भी कम नहीं आंक सकते। इस आईपीएल में विराट इसका एक और बेहतरीन उदाहरण रहे हैं। वह अब उतना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं जितना वह पहले खेला करते थे, लेकिन जीतने का वह जज्बा और चाहत अब भी उनमें बरकरार है। रोहित शर्मा इस आईपीएल में जिस बेहतरीन शारीरिक फिटनेस के साथ उतरे हैं वैसी फिटनेस मैंने शायद पिछले 10 या 12 वर्षों में उनकी कभी नहीं देखी। तो उन खिलाड़ियों में आगे बढ़ने और खुद को जितना हो सके उतना बेहतरीन खिलाड़ी बनाने का जुनून अब भी मौजूद है। जैसा कि मैंने कहा, कभी भी नहीं मत कहो।
अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते आएंगे नजर
एक शतक सहित 13 मैच में 542 रन बनाकर कोहली इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। पैर की मांसपेशियों में चोट से वापसी के बाद से रोहित मुंबई इंडियंस की टीम में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं। आठ मैच में उन्होंने 283 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। कोहली और रोहित दोनों ने 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। कोहली और रोहित को अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से शुरू होने वाली तीन मैच की सीरीज के लिए मंगलवार को भारत की टीम में शामिल किया गया। रोहित का चयन हालांकि उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
भारतीय टीम के चयनकर्ता वनडे विश्व कप के लिए रोहित-कोहली के चयन पर टूर्नामेंट शुरू होने के करीब ही फैसला लेंगे और उस समय उनकी फिटनेस तथा फॉर्म को ध्यान में रखेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने कहा, अभी यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी कि वे विश्व कप में खेलेंगे या नहीं। अभी इसमें काफी समय बाकी है।