ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में दो महीने से भी कम समय बचा है। सभी टीमें इस टूर्नामेंट की तैयारी में जुटी हुई हैं और अपनी टीम फाइनल कर रही हैं। भारत के भी 15 खिलाड़ी लगभग तय हो चुके हैं। इस बीच कंगारू बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा है कि वो टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने के दावेदार हैं। स्मिथ ने यह भी कहा है कि वो जब चाहें तब छक्का लगा सकते हैं और ऐसा करने में सक्षम हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम इस साल भी टी20 विश्व कप जीत सकती है।
2021 टी20 विश्व कप में स्टीव स्मिथ ने चार पारियों में सिर्फ 69 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें टीम में जगह मिलना मुश्किल था। आईपीएल में भी उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। अब स्मिथ ने खुद को टी20 के लिए फिट करार दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए उपयोगी हो सकते हैं स्मिथ
स्टीव स्मिथ का मानना है कि वो टी20 फॉर्मेट में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए उपयोगी खिलाड़ी हो सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा "मुझे लगता है कि जब मैं अच्छे से टी20 क्रिकेट खेल रहा होता हूं तो मैं उस टीम रहने का हकदार हूं। मुझे पिछले कुछ वर्षों में सब कुछ ठीक करने का काम दिया गया था, लेकिन अब वह टैग उनसे हट चुका है। श्रीलंका में मैंने स्वाभाविक रूप से अपना खेल खेला। मेरे अंदर कोई झिझक नहीं थी।"
उन्होंने आगे कहा "अगर मैं पहली गेंद पर छक्का मारना चाहता हूं तो मैं ऐसा करने में सक्षम हूं। जब मैं अपना सर्श्रेष्ठ खेल खेलता हूं तो खुलकर बल्लेबाजी करता हूं। मैं गेंद को देखता हूं और गैप में खेलने की कोशिश करता हूं। जहां तक संभव हो हर गेंद को बल्ले के बीच में लेने की कोशिश करता हूं।"
मिशेल मार्श ने छीनी जगह
टी20 विश्व कप में स्टीव स्मिथ के खराब प्रदर्शन के बाद मिशेल मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कमाल किया। उन्होंने तीसरे नंबर पर कई बेहतरीन पारियां खेलीं और स्मिथ की जगह खतरे में आ गई थी। इसके बाद श्रीलंका दौरे पर स्मिथ को मौका मिला और उन्होंने 37 रन की शानदार पारी के साथ टीम में अपनी उपयोगिता साबित की। अब उन्हें भरोसा है कि वे विश्व कप टीम में जगह के हकदार हैं।